भोपाल, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में आज “इनोवेटिव पैकेज री-डिज़ाइन प्रतियोगिता” का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्रों ने मौजूदा उत्पादों की पैकेजिंग को रचनात्मकता और मौलिकता, सौंदर्य अपील, ब्रांड प्रबंधन और शेल्फ इम्पैक्ट जैसे मानदंडों के आधार पर नए रूप में प्रस्तुत किया।



प्रतियोगिता में छात्रों ने विभिन्न उपभोक्ता उत्पादों की पैकेजिंग को नए तरीके से डिजाइन कर अपनी कल्पनाशीलता और व्यावसायिक समझ का परिचय दिया। प्रदर्शित डिजाइनों ने न केवल सौंदर्यात्मक दृष्टि से आकर्षण पैदा किया बल्कि उनमें बाज़ार की समझ और उपभोक्ता अनुकूल सोच भी स्पष्ट रूप से झलकी।



कार्यक्रम में विशेष रूप से कुलपति श्री विजय मनोहर तिवारी, विभागाध्यक्ष डॉ. पी. शशिकला तथा रजिस्ट्रार डॉ. अविनाश बाजपेयी, ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों और संकाय सदस्यों की सराहना करते हुए इस प्रयास को भविष्य के लिए प्रेरणादायक बताया।


कुलपति श्री तिवारी ने अपने संबोधन में कहा, “ऐसे प्रयोगात्मक कार्यक्रम छात्रों की प्रतिभा को निखारते हैं और उन्हें इंडस्ट्री के लिए तैयार करते हैं। विश्वविद्यालय को ऐसे आयोजनों पर गर्व है।”
विभागाध्यक्ष डॉ. शशिकला ने छात्रों की मौलिक सोच की प्रशंसा की और भविष्य में इस तरह के रचनात्मक आयोजनों को और बढ़ावा देने की बात कही।
रजिस्ट्रार डॉ. बाजपेयी ने भी छात्रों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा को व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ना समय की मांग है।

इस आयोजन का संचालन श्री मितेश शर्मा और श्री अभिषेक पांडेय, न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी विभाग के सदस्यों द्वारा किया गया। शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्रों ने अपने रचनात्मक विचारों को व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया।
यह आयोजन छात्रों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरा और विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है कि शिक्षा को केवल किताबी नहीं, बल्कि व्यावहारिक और नवाचार आधारित बनाया जाए।











Leave a Reply