7 मई को बजेंगे युद्ध वाले सायरन पूरे देश में सुरक्षा बलों और लोगों को सतर्क रहने के निर्देश

Rakesh Mathur Avatar

नई दिल्‍ली। भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध स्तर की तैयारियां शुरू हो गई हैं। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को निर्देश दिए हैं कि 7 मई को देशभर में वैसी मॉक ड्रिल की जाए जैसे युद्ध शुरू हो गया हो। युद्ध के सायरन बजाए जाएं और जनता को युद्ध के लिए तैयार किया जा सके। ऐसी मॉक ड्रिल इससे पहले 54 साल पहले 1971 के भारत-पाक युद्ध के समय हुई थी। राज्यों से कहा गया है कि हवाई हमलों से बचने की पूरी तैयारी रखें तथा इंतजाम युद्ध स्तर पर रखे जाएं।

पहलगाम आंतकी हमले के मद्देनजर सेना अध्यक्षों के साथ प्रधानमंत्री ने मुलाकात की है। रक्षामंत्री ने विक्ट्री डे में शामिल होने वाली अपनी रूस यात्रा रद्द कर दी है। वे संभवतया जापान के रक्षामंत्री से मिलने वाले हैं। दूसरी ओर सिंधु जल संधि स्थगित करने के बाद पाकिस्तान को बगलिहार बांध से जाने वाला पानी रोक दिया गया है। पाकिस्तान ने भी लगातार 11वें दिन सीज़फायर का उल्लंघन किया है। वह भारतीय चौकियों पर गोले बरसा रहा है। भारतीय सेना भी उसका माकूल जवाब दे रही है।
इस बीच, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले की कड़ी निंदा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक “उन्होंने निर्दोष लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूरा समर्थन दिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जघन्य हमले के अपराधियों और उनके समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।” फोन के दौरान, पीएम मोदी ने पुतिन को इस साल के अंत में भारत में होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भी आमंत्रित किया।

भारत ने किया MIGM का परीक्षण

भारत ने रक्षा क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोमवार को स्वदेशी मल्टी-इन्फ्लुएंस ग्राउंड माइन (MIGM) मिसाइल का सफल परीक्षण किया। DRDO और भारतीय नौसेना द्वारा विकसित यह मिसाइल, आत्मनिर्भर रक्षा प्रणाली को मजबूत करेगी।

पाक सेना ने किया एक और मिसाइल परीक्षण

पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को कहा कि उसने 120 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली मिसाइल का परीक्षण किया है, जो कश्मीर मुद्दे पर भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच दो दिनों में दूसरा परीक्षण है।
पाकिस्तानी सेना ने एक बयान में कहा, “इस परीक्षण का उद्देश्य सैनिकों की परिचालन तत्परता सुनिश्चित करना और मिसाइल की उन्नत नेविगेशन प्रणाली और बढ़ी हुई सटीकता सहित प्रमुख तकनीकी मापदंडों को मान्य करना था।”
शनिवार को सेना ने कहा कि उसने 450 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण किया है।

जापान-भारत का युद्धाभ्यास पर जोर

भारत और पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच, जापान और भारत ने सीमा पार खतरों से निपटने के लिए संयुक्त प्रयासों पर जोर दिया तथा जापान ने भारत के साथ बातचीत के दौरान आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में अपने जापानी समकक्ष जनरल नाकातानी सैन से मुलाकात की।

54 मार्गों पर आतंकियों की तलाश

पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले के दोषियों को तलाशने के लिए सुरक्षा बलों की 54 मार्गों पर ध्यान केंद्रित किया है। इनमें से कुछ मार्ग घने जंगलों और पहाड़ों की ओर ऊपर की ओर जाते हैं, जबकि अन्य कश्मीर के विभिन्न हिस्सों से जुड़े हैं। आतंकियों को रसद मुहैया कराने के लिए गिरफ्तार किए गए ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGW) को भी तलाशी अभियान के लिए जंगलों में ले जाया गया है। माना जाता है कि आतंकवादी जंगलों में छिपे हुए हैं। अब तक माना जा रहा है कि हमलावरों में से 2 पाकिस्तान से तथा एक जम्मू कश्मीर के अनंतनाग से है।

आतंकियों के एक पनाहगार ने नदी में कूदकर जान दी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों को शरण और भंजन देने के आरोप में पकड़े गए इम्तियाज अहमद मागरे ने सुरक्षा बलों से बचते हुए पहाड़ से वेशॉ नदी में कूद कर जान दे दी। वह 23 साल का था। एक वीडियो में वह कुछ दूर तकसुरक्षा बलों के साथ आतंकियों को तलाशता दिखा फिर उने अचानक पहाड़ी से छलांग लगा दी। उसे शनिवार को हिरासत में लिया गया था।

Rakesh Mathur Avatar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Author Profile

द दिव्य भारत का एकमात्र उद्देश्य सकारात्मकता के साथ-साथ विश्वसनीय और जन सरोकारों वाली पत्रकारिता करना है। इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हमारा ध्येय वाक्य – एक कदम दिव्यता की ओर। द दिव्य भारत हमेशा आम जनता / नागरिकों के पक्ष में खड़ा रहने का वचन देता है।

Search