पटना। विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में नीतीश सरकार का अंतिम बजट सोमवार को वित्तमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पेश किया। वित्तीय वर्ष 2025-26 का यह बजट 3 लाख 16 हजार 895 करोड़ रुपए का है। यह पिछले वित्तीय वर्ष से करीब 38,169 करोड़ रुपए ज्यादा है। सम्राट चौधरी का वित्त मंत्री के रूप में यह दूसरा बजट था। पिछले 20 साल में यह सबसे छोटा बजट भाषण रहा। उन्होंने इसे 2047 का विज़न डॉक्यूमेंट बताया। कुल 50 पन्नों का बजट भाषण भी वित्तमंत्री ने पूरा नहीं पढ़ा। 37 मिनट में उन्होंने 17 पन्ने पढ़ कर अपना भाषण समाप्त कर दिया।
कुछ दिन पहले ही नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ है जिसमें भाजपा के 7 मंत्रियों को शामिल किया गया है। भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने सबसे अधिक राशि भाजपा के मंत्रियों को 161525.61 करोड़ रु.दी। यह जदयू के मंत्रियों से 6601.91 करोड़ रुपए अधिक है। दूसरे नंबर पर जदयू के मंत्रियों के विभागों को 154923.7 करोड़ रु.दिए। इनके अलावा गठबंधन के सहयोगी हम को 1839.11 करोड़ रु. और निर्दलीय विधायक को 1159 करोड़ दिए गए।
नीतीशराज के 20 साल की पोल भी खोली
वित्त मंत्री ने कहा कि वर्त्तमान में राज्य के 534 प्रखंडों में से 358 प्रखंडों में अंगीभूत व राजकीय डिग्री कॉलेज नहीं हैं। इन प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से एक-एक डिग्री महाविद्यालय (सरकारी/निजी) की स्थापना सुनिश्चित की जायेगी। वर्ग 01 से 10 तक के सामान्य श्रेणी के छात्रों के छात्रों (अल्पसंख्यक सहित) की छात्रवृति दर को दोगुना किया जाएगा। निजी क्षेत्र के सहयोग से राज्य में नए निजी मेडिकल कॉलेज संचालित किए जाएंगे।
राजगीर में बनेगा एयरफील्ड
चौधरी ने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट का काम पूरा होने वाला है। अगले तीन महीने में पूर्णिया एयरपोर्ट से हवाई जहाज उड़ने लगेंगे। इसके अलावा तीन ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट (रक्सौल, राजगीर और सुलतानगंज) भी बनाए जाएंगे। राजगीर बौद्ध धर्म का प्रसिद्ध स्थल है।
हर जिले में आम्रपाली सेंटर
इनके अलावा राज्य के हर जिले में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना होगी ताकि राज्य की सांस्कृतिक धरोहरों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके। राज्य को फिल्मों की शूटिंग के लिए आकर्षक बनाया जाएगा तथा राज्य के कलाकारों के रजिस्ट्रेशन के लिए वैबसाइट बनेगी। 8 जिलों में आर्ट गैलरी बनेगी। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना होगी।











Leave a Reply