तिरुवनंतपुरम : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 8,900 करोड़ रुपए की लागत से बने विझिंजम इंटरनेशनल डीपवाटर मल्टीपर्पज सीपोर्ट’ राष्ट्र को समर्पित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि समारोह में इंडिया गठबंधन के मजबूत स्तंभ और केरल के मुख्यमंत्री सीएम पिनराई विजयन और सांसद शशि थरूर की मौजूदगी से कुछ लोगों को दिक्कत होगी। कांग्रेस का नाम लिए बगैर पीएम ने कहा कि आज का यह ईवेंट कई लोगों को नींद हराम कर देगा।
पीएम मोदी गुरुवार को केरल पहुंचे थे, जहां सीएम के साथ तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर ने उनका स्वागत किया था। शशि थरूर ने दिल्ली एयरपोर्ट पर देरी के बावजूद तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर समय से पहुंचकर प्रधानमंत्री की आगवानी की।
शशि थरूर ने तस्वीरें साझा कीं

शशि थरूर ने एक्स पर लिखा, “दिल्ली हवाई अड्डे पर देरी होने के बावजूद, मैं समय पर तिरुवनंतपुरम पहुंच गया और पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।” उन्होंने पीएम मोदी के साथ तस्वीरें भी शेयर कीं। उन्होंने लिखा कि मैं विझिंजम पोर्ट के उद्घाटन का इंतजार कर रहा हूं। मुझे इस परियोजना से शुरू से ही जुड़ने पर गर्व है। शशि थरूर केरल के तिरुवनंतपुरम से सांसद हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को हराया था। वह 2009 से लगातार तिरुवनंतपुरम से जीत रहे हैं।
माना जा रहा है कि केरल में पीएम नरेंद्र मोदी ने शशि थरूर का जिक्र कर बड़ा इशारा कर दिया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद शशि थरूर कई बार केंद्र सरकार का बचाव करते नजर आए, जो कांग्रेस को पसंद नहीं आया। पहलगाम हमले के बाद इंटेलिजेंस की चूक के कारण केंद्र सरकार की आलोचना हो रही थी। तब थरूर ने कहा कि किसी देश के पास 100 फीसदी फुलप्रूफ इंटेलिजेंस सिस्टम नहीं है।











Leave a Reply