सुकमा/बीजापुर। सुरक्षा बलों ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के सुकमा और बीजापुर जिलों में हुई मुठभेड़ में 11 महिलाओं समेत 18 नक्सलियों को मार गिराया, जो ये मुठभेड़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे की पूर्व संध्या पर हुई।
पुलिस ने बताया कि सुकमा में सुरक्षा दलों ने नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचाया, जिसमें 17 नक्सली मारे गए। इनमें 25 लाख का इनामी माओवादी कुहदमी जगदीश भी शामिल है। वह एक दर्जन से अधिक घातक नक्सली घटनाओं में वांछित था, जिनमें 2013 का झीरम घाटी हमला भी शामिल है। उसमें कई कांग्रेसी नेता मारे गए थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी बीजापुर जिले में एक और मुठभेड़ की खबर है, जहां एक नक्सली मारा गया। घायल हुए चार सुरक्षाकर्मियों में से तीन जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के हैं, जबकि चौथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगल में सुबह करीब आठ बजे गोलीबारी हुई। उन्होंने बताया कि मारे गए नक्सलियों में से सात की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य की पहचान के प्रयास जारी हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुकमा मुठभेड़ की है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “नक्सलवाद पर एक और प्रहार! हमारी सुरक्षा एजेंसियों ने सुकमा में एक अभियान में 16 नक्सलियों को मार गिराया और स्वचालित हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया।” गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए संकल्पबद्ध है। दस दिन पहले सुरक्षा बलों ने बस्तर क्षेत्र के बीजापुर और कांकेर जिलों में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के 30 सदस्यों को मार गिराया था।











Leave a Reply