मप्र में SIR की तैयारियों का जायजा 2003 की मतदाता सूची में नाम है क्या ? नहीं, तो कागज तैयार रखिए

Rakesh Mathur Avatar

भोपाल। मध्य प्रदेश में भी चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को चुनाव के 2 सदस्यीय प्रतिनिधमंडल ने भोपाल, सीहोर और विदिशा जिलों का दौरा किया। आयोग कीनिदेशक शुभ्रा सक्सेना भोपाल व सीहोर तथा सचिव विनोद कुमार ने विदिशा में जायजा लिया। प्रदेश में 2003 की मतदाता सूची के आधार पर पुनरीक्षण हो रहा है। यदि आपका नाम उस मतदाता सूची में है तो आपक कोई दस्तावेज नहीं देना है, लेकिन अगर उसमें नाम नहीं है तो आपको 12 दस्तावेज की सूची में से कोई एक तैयार रखना होगा।

चुनाव आयोग की निदेशक सुश्री सक्सेना ने भोपाल व सीहोर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठकर एसआईआर की तैयारियों व प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भोपाल जिले को एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य कर देश में मॉडल प्रस्तुत करना होगा। राजधानी से तैयार किया गया एसआईआर मॉडल पूरे प्रदेश के लिए अनुकरणीय हो, इसके लिए सभी ईआरओ और बीएलओ मैदानी स्तर पर पूरी गंभीरता से कार्य करें।

डेटा जल्द अपलोड करने के निर्देश

बीएलओ ऐप पर मैपिंग कम होने पर चुनाव आयोग के प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई और बीएलओ से ऑनलाइन डेटा ऐप पर शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को शहरी क्षेत्र में बीएलओ के साथ संयुक्त रूप से एसआईआर का कार्य करने और नगर निगम कार्यालय में हेल्प डेस्क को और सशक्त बनाने के निर्देश दिए।
भोपाल के कलैक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि जिले में सभी एसडीएम कार्यालय एसआईआर कार्य कर रहे हैं। बैठक के दौरान निदेशक सुश्री सक्सेना ने हुजूर विधानसभा क्रमांक 155 के बीएलओ ब्रजेश शर्मा द्वारा एक ही दिन में 76 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग करने पर प्रशंसा व्यक्त की। बीएलओ शर्मा ने अपने बूथ पर आईटी एक्सपर्ट वॉलिंटियर्स की सहायता से यह उपलब्धि हासिल की।

7 दिन की डैडलाइन

निदेशक ने सभी ईआरओ को निर्देशित किया कि आगामी 7 दिनों में 2003 की मतदाता सूची से मिलान कर पात्र मतदाताओं की बीएलओ ऐप पर शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित की जाए। भोपाल के स्लम क्षेत्रों में विशेष कैम्प आयोजित कर एसआईआर के कार्य को गति देने के निर्देश भी दिए गए।

सुश्री सक्सेना ने मैदानी स्तर पर कार्य कर रहे बीएलओ से वन-टू-वन चर्चा की और कहा कि एसआईआर की कार्यवाही के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि “कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हो।” उन्होंने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य शुद्ध मतदाता सूची तैयार करना है, जो पूरी तरह पारदर्शिता के साथ हो। उन्होंने आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को 2003 की सूची से लिंक करने और जिनका नाम उसमें नहीं है, उन्हें वंशावली के मतदाताओं से लिंक करने के निर्देश भी दिए। बीएलओ को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करने तथा बीएलओ ऐप का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किए जाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सभी मतदाताओं को गणना फार्म समय पर वितरित किए जाएं।
बैठक में चुनाव आयोग के सचिव विनोद कुमार, मध्यप्रदेश के संयुक्त निर्वाचन पदाधिकारी आर.पी.एस. जादौन, संजय श्रीवास्तव, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती सुरभि तिवारी, आयुक्त नगर निगम सुश्री संस्कृति जैन, एडीएम सुमित कुमार पांडेय सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के एसडीएम, ईआरओ, एईआरओ तथा बीएलओ उपस्थित रहे।

समय-समय पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक हो

सीहोर जिले में समीक्षा बैठक में सुश्री सक्सेना ने निर्देश दिए कि समय-समय पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें जानकारी दी जाए और बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) का सहयोग भी लिया जाए। उन्होंने कहा, सभी बीएलओ को बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए और उन्हें एसआईआर की पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बीएलओ ऐप का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा सभी मतदाताओं को गणना फार्म वितरित किए जाएं।

आयोग के सचिव विनोद कुमार ने गुरुवार को विदिशा जिले का भ्रमण किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बेतवा सभागार में समीक्षा बैठक की। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों और कार्यों की समीक्षा की। विदिशा के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल गुप्ता ने जिले की सभी 5 विधानसभाओं विदिशा, गंजबासौदा, कुरवाई, सिरोंज एवं शमशाबाद के एसडीएम (ईआरओ) से अपडेट जानकारी साझा की है। साथ ही जिले में अब तक संपादित कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

Rakesh Mathur Avatar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Author Profile

द दिव्य भारत का एकमात्र उद्देश्य सकारात्मकता के साथ-साथ विश्वसनीय और जन सरोकारों वाली पत्रकारिता करना है। इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हमारा ध्येय वाक्य – एक कदम दिव्यता की ओर। द दिव्य भारत हमेशा आम जनता / नागरिकों के पक्ष में खड़ा रहने का वचन देता है।

Search