नई दिल्ली । रसोई गैस का सिंलिंडर मंगलवार से 50 रुपए महंगा हो जाएगा। इसमें उज्ज्वला योजना में मिल रही गैस भी शामिल है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि यब बढ़ोत्तरी 8 अप्रैल से लागू होगी। यह मूल्य वृद्धि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थियों के साथ-साथ दूसरे उपभोक्ताओं पर भी लागू होगी। प्रधानमंत्री ने जिस सिलिंडर को 500 रुपए में देने की घोषणा की थी, वह अब उज्ज्वला लाभार्थियों को 550 रुपए में मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “यह एक ऐसा कदम है जिसकी हम आगे चलकर समीक्षा करेंगे। हम हर 2-3 सप्ताह में इसकी समीक्षा करते हैं।” मंत्री ने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लगाने का उद्देश्य तेल विपणन कंपनियों को पहले हुए नुकसान की भरपाई करना है।
उन्होंने कहा, पैट्रोलियम पदार्थों पर “वित्त मंत्रालय ने दो रुपए का उत्पाद शुल्क लगाया है। इसका बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला जाएगा। यह आम जनता के खाते में जाएगा और इसका इस्तेमाल उसी (तेल विपणन) कंपनी के एलपीजी घाटे की भरपाई के लिए किया जाएगा।”
राजस्व विभाग की अधिसूचना के अनुसार, केंद्र सरकार ने मंगलवार से डीजल और पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। वर्तमान में सरकार पेट्रोल पर 19.90 रुपए प्रति लीटर उत्पाद शुल्क लगाती है। मंगलवार से इसे बढ़ाकर 21.90 रु. प्रति लीटर किया जाएगा। इसी तरह, डीजल पर मौजूदा उत्पाद शुल्क 15.80 रु. प्रति लीटर है और यह मंगलवार से बढ़कर 17.80 रु. प्रति लीटर हो जाएगा। उधऱ, तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोलियम मंत्रालय को सूचित किया है कि पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें यथावत रहेंगी। पिछले कुछ समय से कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखी जा रही है, जो 70 डॉलर प्रति बैरल से घटकर सोमवार को 63 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है, जिससे तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) का मार्जिन बढ़ गया है। तेल की कीमतों में इस भारी गिरावट ने सरकार को पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है।











Leave a Reply