दिल्ली विधानसभा के दूसरे दिन मंगलवार को विपक्ष के 22 में से 21 विधायकों को सदन से मार्शलों के माध्यम से बाहर निकालने के बाद मुख्यमत्री रेखा गुप्ता ने सीएजी की विवादास्पद रिपोर्टें पेश कीं। विपक्षी आम आदमी पार्टी ने सदन शुरू होते ही मुख्यमंत्री कार्यालय से भगत सिंह व अंबेडकर की तस्वीरें हटाए जाने का मुद्दा उठाया, कोई जवाब न मिलने पर सभी विधायक शोर मचाने लगे। स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने हंगामा कर रहे विपक्ष के सभी विधायकों को सदन से बाहर निकालने के आदेश दिए। 27 साल बाद सत्ता में लौटी भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बाद में शराब नीति पर सीएजी की रिपोर्ट पेश की। इसी रिपोर्ट को मुद्दा बना कर भाजपा सत्ता में आई है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सदन में अपने अभिभाषण में कहा कि पिछली सरकार ने इस रिपोर्ट को सदन में पेश नहीं करके संविधान का उल्लंघन किया था।
उपराज्यपाल वीके सक्सेना के भाषण के दौरान विधायकों ने मोदी-मोदी की नारेबाजी की। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष आतिशी समेत 21 आप विधायकों को 3 मार्च तक के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया।
दिल्ली सरकार ने विधानसभा का सत्र 2 दिन के लिए बढ़ा दिया है। अब सत्र 28 फरवरी और 1 मार्च को भी चलेगा। इससे पहले सत्र 3 दिन यानी 24, 25 और 27 फरवरी तक ही चलाने की जानकारी सामने आई थी। 26 फरवरी को शिवरात्रि के कारण अवकाश है।
क्या मोदी अंबेडकर से बड़े : आतिशी
सदन से बाहर आने के बाद नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने पूछा कि मुख्यमंत्री आवास से भगत सिंह और अंबेडकर की तस्वीरें क्यों हटाई गईं। उन्होंने कहा, क्या प्रधानमंत्री मोदी बाबा साहेब अंबेडकर से भी बड़े हैं। उन्होंने कहा कि आप सरकार के समय हर सरकारी दफ्तर में भगत सिंह और अंबेडकर की फोटो लगाई गई थी जिन्हें भाजपा सरकार ने हटा दिया।
उन्होंने कहा, जब आप विधायकों ने डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के नारे लगाए तो निलंबित कर दिया गया। लेकिन जब बीजेपी विधायकों ने पीएम मोदी के नारे लगाए, तो कुछ नहीं कहा गया। इसका मतलब है कि बीजेपी को डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर से नफरत है।
4004 करोड़ का है घोटालाः सिरसा
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा- सीएजी रिपोर्ट में यह सामने आया कि अरविंद केजरीवाल के अपने दोस्तों को शराब का काम देने से लगभग 4004 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। केजरीवाल ने अपने अयोग्य दोस्तों को 1%-1% की पार्टनरशिप बड़ी कंपनियों में देकर उन्हें शराब का ठेका दिलवाया। इस रिपोर्ट में वो सारी घोटाले सामने आई हैं जो केजरीवाल 10 साल से छिपाकर बैठे थे।











Leave a Reply