अमरेली। गुजरात के एक स्कूल में बच्चों ने खेल-खेल में एक-दूसरे के हाथ ब्लेड से काट लिए। अमरेली जिले के मुंजियासर प्राथमिक स्कूल में यह हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। 25 बच्चों के हाथों पर ब्लेड से कटने के निशान मिलने के बाद स्थानीय पुलिस व स्कूल प्रशासन ने जांच की जिससे यह मामला उजागर हुआ।
पहले यह अंदाजा लगाया गया था कि बच्चों ने ऑनलाइन वीडियो गेम की लत के कारण ऐसा किया है, लेकिन जांच में खुलासा हुआ कि यह सब बच्चों के बीच खेले जा रहे ‘ट्रुथ एंड डेयर’ खेल के दौरान हुआ था।
5वीं से 8वीं तक के बच्चे
ये सभी बच्चे 5वीं से 8वीं कक्षा के छात्र हैं। स्कूल प्रशासन और अभिभावकों की गंभीरता के कारण पुलिस में इसकी शिकायत की गई। पुलिस द्वारा घटनास्थल और सीसीटीवी फुटेज की जांच से यह पता चला कि बच्चों ने 10 रुपये की शर्त जीतने के लिए ‘ट्रुथ एंड डेयर’ खेल के दौरान ब्लेड से एक-दूसरे के हाथ काटे थे। बच्चों के मालूम नहीं था कि यह खेल इतना खतरनाक हो सकता है।
ऐसे खेल बंद होंगेः शिक्षामंत्री
गुजरात के शिक्षा मंत्री प्रफुल्ल पंसारिया ने अधिकारियों से इस मामले की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मामला है। ऐसे खेल बंद करवाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह जरूरी है कि स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित माहौल मिले और ऐसे खेलों से बचने के लिए जागरूक किया जाए।











Leave a Reply