बिहार चुनावः पहले चरण में 64% से ज्यादा मतदान 16 मंत्रियों समेत 1314 की किस्मत EVM में कैद

Rakesh Mathur Avatar

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को संपन्न हो गया। 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान समाप्त होने तक 64.46 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है। हालांकि यह आंकड़ा थोड़ा-बहुत बढ़ने का अनुमान है। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को होगी।

चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पहले चरण में हुए इस मतदान के साथ ही 1314 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत ईवीएम (EVM) में बंद हो गई। इनमें प्रमुख रूप से राजद नेता तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा सहित राज्य सरकार के 16 मंत्रियों का भविष्य शामिल है। अब सभी की निगाहें 14 नवंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब ये साफ होगा कि इस बंपर वोटिंग का फायदा किस गठबंधन को मिला है। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा।

विस्थापित ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार

मुजफ्फरपुर जिले के औराई विधानसभा क्षेत्र के जीवाजोर गांव के ग्रामीणों ने मतदान का पूर्ण बहिष्कार किया। उनका कहना है कि वे 2008 से विस्थापन की मार झेल रहे हैं, लेकिन उन्हें आज तक न तो कोई मुआवजा मिला है और न ही पुनर्वास की कोई ठोस व्यवस्था की गई है। जनप्रतिनिधियों के केवल आश्वासन देने से नाराज ग्रामीणों ने अपनी मांग ‘मुआवजा नहीं तो कैसा मतदान’ पर अडिग रहते हुए प्रशासन के समझाने-बुझाने के बावजूद मतदान केंद्रों से दूरी बनाए रखी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं होता है, तो वे आगे भी चुनावों का बहिष्कार करेंगे। दरभंगा के कुशेश्वरस्थान विधानसभा के सुघराइन गांव में सड़क और पुल नहीं बनने के विरोध में चारों बूथों पर पूर्ण मतदान बहिष्कार रहा, जहां देर शाम तक एक भी वोट नहीं डाला गया।

58 गिरफ्तार, बोगस वोटिंग करते 2 को पकड़ा

दरभंगा जिले की दस विधानसभा सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, डीएम कौशल कुमार ने बोगस वोटिंग करते 2 युवकों को पकड़े जाने की पुष्टि की। ये लोग केवटी और गौराबौराम विधानसभा क्षेत्र से पकड़े गए। उन्होंने बताया कि चुनाव में व्यवधान करने के आरोप में कुल 58 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उपमुख्यमंत्री के काफिले पर हमला, आरोप विपक्ष पर

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि उनके विधानसभा क्षेत्र लखीसराय में राजद समर्थकों ने उनके काफिले पर हमला किया। इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को ‘तत्काल कार्रवाई’ करने का निर्देश दिया। एक अधिकारी ने कुमार के हवाले से कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Rakesh Mathur Avatar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Author Profile

द दिव्य भारत का एकमात्र उद्देश्य सकारात्मकता के साथ-साथ विश्वसनीय और जन सरोकारों वाली पत्रकारिता करना है। इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हमारा ध्येय वाक्य – एक कदम दिव्यता की ओर। द दिव्य भारत हमेशा आम जनता / नागरिकों के पक्ष में खड़ा रहने का वचन देता है।

Search