भारत ने पाक एयरबेस तबाह किए,पाकिस्तान के दावे झूठे : सोफिया कुरैशी

Rakesh Mathur Avatar

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान एक दूसरे पर सैन्य कार्रवाई कर रहे हैं। इस बीच विदेश और रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेस की। इसमें कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान ने हाईस्पीड मिसाइल से जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, पंजाब के पठानकोट, आदमपुर और गुजरात के भुज एयरबेस पर हमला किया, जिसमें हमें नुकसान पहुंचा है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार शाम लगातार तीसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि 8-9 मई की मध्य रात्रि को पाकिस्तानी सेना ने सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने के इरादे से कई बार हमला किया। लेकिन इन्हें नाकाम कर दिया गया।

पाकिस्तान ने अस्पताल और स्कूल को भी निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे भारत ने नाकाम कर दिया। ब्रह्मोस फैसिलिटी तबाह करने का पाकिस्तानी दावा गलत है। भारतीय S-400 डिफेंस सिस्टम भी पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने पाकिस्तानी दावों को झूठा बताते हुए सुरक्षित भारतीय फैसिलिटीज़ तथा भारतीय सेना द्वारा तबाह किए गए पाकिस्तान एयरबेसों के वीडियो भी दिखाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी, विंग कमांडर व्योमिका सिंह और विदेश सचिव विक्रम मिसरी मौजूद थे। कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा…पाकिस्तानी सेना ने पूरे पश्चिम मोर्चे पर लगातार आक्रामक गतिविधियां जारी रखी हैं। उसमें यूकैब ड्रोन, लॉन्ग रेंज वेपन, लाइट इम्युनिशन और लड़ाकू विमानों का उपयोग किया गया है। भारतीय सैन्य ढांचे को निशाना बनाया है।

नियंत्रण रेखा पर भी ड्रोन घुसपैठ और भारी कैलिबर हथियारों से गोलाबारी की। अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC पर श्रीनगर से ढलिया तक 26 से ज्यादा स्थानों पर हवाई घुसपैठ के प्रयास किए गए।
भारतीय सशस्त्र बलों ने अधिकांश खतरों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया। फिर भी वायुसेना स्टेशनों उधमपुर, पठानकोट, आदमपुर और भुज, बठिंडा स्टेशन उपकरणों और अफसरों को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान ने सुबह 1.40 बजे हाईस्पीड मिसाइल का इस्तेमाल करके पंजाब के एयरबेस स्टेशन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।

उन्होंने कहा, एक निंदनीय और अनप्रोफेशनल एक्ट के तहत श्रीनगर, अवंतीपुर और उधमपुर के वायुसेना अड्डों पर चिकित्सा केंद्र और स्कूल परिसर को निशाना भी बनाया। इससे उसकी सिविल इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाकर हमला करने की गैरजिम्मेदाराना प्रवृत्ति फिर उजागर हुई।

पाकिस्तान द्वारा सैन्य ठिकानों को जानबूझकर निशाना बनाने के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने त्वरित व सुनियोजित जवाबी हमले किए। टेक्निकल इंस्टॉलेशन, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर्स और रडार साइट्स और हथियार भंडारों को चुनकर हमने निशाना बनाया।

रफीकी, मुरीद, चकलाला, रहमियार खान, सुकूर और चुनिया स्थित पाक सैन्य ठिकानों पर एयर लॉन्च सटीक हथियारों और लड़ाकू जेट्स से प्रहार किए गए। पसूर स्थित रडार साइट और सियालकोट का एविएशन बेस को भी सटीक गोला-बारूद से टारगेट किया गया।
अग्रिम इलाकों में पाकिस्तानी सैनिकों की संख्या बढ़ती दिख रही है, जो कि उकसाने वाली तस्वीर है। हम तनाव नहीं चाहते, लेकिन पाकिस्तान भी ऐसा ही करे। इंडियन आर्मी के वेपन ने पाकिस्तानी ठिकानों को नष्ट किया।

पाकिस्तान झूठ बोल रहा है, भ्रमित न हों

विक्रम मिसरी ने कहा- पाकिस्तान दावा कर रहा है कि उन्होंने क्या किया। वे लगातार भारी झूठ बोल रहे हैं। पाकिस्तान की सरकारी एजेंसियां बोल रही हैं कि उन्होंने भारत में कई मिलिट्री फैसिलिटी को ध्वस्त किया है। मेरे साथियों ने इसकी सच्चाई आपको बता दी है। पाकिस्तान झूठ बोल रहा है।

सिरसा एयरफोर्स स्टेशन को तबाह करने का उनका दावा पूरी तरह झूठा है। सूरतगढ़ एयरफोर्स बेस, आदमपुर में एस-400 बेस को तबाह करने का दावा पूरी तरह झूठा है। महत्वपूर्ण इन्फ्रास्ट्रक्चर, पावर सिस्टम, साइबर सिस्टम पर हमला करने और उन्हें तबाह करने के दावे झूठे हैं।

मैं आप सभी से अपील करता हूं कि पाकिस्तान के इन झूठों से भ्रमित ना हों। पाकिस्तान लगातार नागरिकों और नागरिक ठिकानों को निशाना बना रहा है, खासतौर से जम्मू-कश्मीर में, वो धार्मिक वैमनस्यता पैदा करने की भी कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान का फोकस सिविलियन टारगेट और पॉपुलेशन है।

आज सुबह पाकिस्तान ने राजौरी में हमला किया, उसमें राजौरी में एक प्रशासनिक अफसर मारा गया है। और भी नागरिक मारे गए हैं और नागरिक ठिकानों को नुकसान पहुंचा है फिरोजपुर और जालंधर में भी लोग घायल हुए और प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचा है।

Rakesh Mathur Avatar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Author Profile

द दिव्य भारत का एकमात्र उद्देश्य सकारात्मकता के साथ-साथ विश्वसनीय और जन सरोकारों वाली पत्रकारिता करना है। इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हमारा ध्येय वाक्य – एक कदम दिव्यता की ओर। द दिव्य भारत हमेशा आम जनता / नागरिकों के पक्ष में खड़ा रहने का वचन देता है।

Search