नई दिल्ली । मोदी सरकार के एक मंत्री ने दूसरे मंत्री से कहा है कि देश भर में नकली पनीर की बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिख कर यह मांग की गई है।
उन्होंने देश भर में फास्ट फूड जॉइंट्स, रेस्तरां और अन्य बाजारों में नकली और मिलावटी पनीर की बिक्री के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
जोशी ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखे पत्र में इस बात पर जोर दिया कि उपभोक्ताओं ने राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज कराई हैं, जिसमें देश भर में नकली और मिलावटी पनीर की बिक्री/उपयोग की बढ़ती प्रवृत्ति को उजागर किया गया है।
जोशी ने कहा, “ऐसे नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से गंभीर और पुरानी स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं।” उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय से आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया ताकि देश भर में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जा सके। बाजार में नकली और मिलावटी पनीर की बिक्री के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता बढ़ रही है। इन घटनाओं के कारण लोगों में खाने की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर “सार्वजनिक चिंता और शिकायतें” बढ़ गई हैं, खास तौर पर उन उपभोक्ताओं में जो पोषण के प्राथमिक स्रोत के रूप में पनीर पर निर्भर हैं।











Leave a Reply